रांची (RANCHI): झारखंड के राज्यपाल-सह-रांची विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण, नैतिकता और समाज के प्रति संवेदनशीलता की सीख देती है. बता दें कि राज्यपाल शुक्रवार को रांची विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे.
राज्यपाल ने झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों के सतत विकास की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि रांची विश्वविद्यालय को जनजातीय समाज, पर्यावरण, जैव विविधता और पारंपरिक चिकित्सा जैसे विषयों पर अनुसंधान को बढ़ावा देना चाहिए.
युवाओं से 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने की अपील
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'न्यू इंडिया' और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की दिशा में हो रहे कार्यों की सराहना की. उन्होंने युवाओं से 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने की अपील की. उन्होंने झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिद्ध-कान्हू, फूलो-झानो, नीलांबर-पीतांबर जैसे वीरों के संघर्ष केवल इतिहास नहीं, बल्कि प्रेरणा के स्रोत हैं.